पेरिस ओलंपिक 2024 से जुड़ा मल विसर्जन आन्दोलन

सेन नदी। फोटो क्रेडिट: अरुण जी

मल विसर्जन आन्दोलन। क्या कभी आपने इस तरह के आन्दोलन के बारे में सुना है? नहीं न। तो सुनिए। पेरिस ओलंपिक 2024 से जुड़े मल विसर्जन आन्दोलन के बारे में जो जून 2024 में अंतरराष्ट्रीय पटल पर सुर्खियों में था। खेलों के शुरू होने से ठीक एक महीने पहले।

असल में जब से ओलंपिक 2024 के पेरिस में आयोजन की घोषणा हुई तभी से एक विवाद शुरू हो गया। उस विवाद के केन्द्र में है पेरिस की सेन नदी। और ये मल विसर्जन आन्दोलन इसी नदी में होने वाली तैराकी प्रतियोगिताओं से जुड़ा है।

दो हज़ार वर्ष पुराने पेरिस शहर की शुरुआत जिस नदी के किनारे हुई उसका नाम है सेन। हालांकि शहर के बहुत सारे इलाके अब सेन के उतने पास नहीं हैं। पर आज भी ये पेरिस की शान है। शहर के शानदार, ऐतिहासिक इमारतों व सत्ता के प्रमुख गलियारों के बीचो-बीच बहती है। और अगर आप एक पर्यटक के रूप में पेरिस घूमने गए हैं, फिर तो आपको सेन से कई बार सामना होगा। इसके एक किनारे पर आइफ़िल टावर है, तो दूसरे पर लूव्र म्यूज़ियम। सात सौ साल से भी ज्यादा पुराना नौट्रे डेम चर्च नदी के बीच एक छोटे से द्वीप पर अवस्थित है।

आइफ़िल टावर। फोटो क्रेडिट: अरुण जी

पेरिस शहर के अंदर सेन नदी करीब तेरह किलोमीटर तक बहती है। भारत की गंगा नदी के मुकाबले ये छोटी है। पर बिहार की बूढ़ी गंडक से हम इसकी तुलना कर सकते हैं। शहर में इसकी न्यूनतम चौड़ाई है तीस मीटर। पर अधिकतम है दो सौ। पेरिस में इसके ऊपर 37 पुल बने हैं

फोटो क्रेडिट: अरुण जी

बीसवीं शताब्दी की शुरुआत तक लोग सेन नदी में नहाते थे। तैराकी करते थे। पर धीरे-धीरे इसमें प्रदूषण बढ़ने लगा। घरों के कचरे, मल-मूत्र वगैरह शहर में बनी पुरानी अंडरग्राउंड नालियों के द्वारा बिना किसी रुकावट के नदी में बहने लगे। औद्योगिक कचरों के फेंके जाने पर भी कोई रोक नहीं था। परिणामस्वरूप मानव मल से उत्पन्न E Coli एवं दूसरे हानिकारक बैक्टीरिया की मात्रा बढ़ने लगी थी। जीव-जंतु, मछलियां सब कम होने लगे। आखिरकार सन 1923 में फ्रांस की सरकार ने सेन में नहाने व तैराकी पर प्रतिबंध लगा दिया।

प्रतिबंध लगने के बाद के वर्षों में भी कुछ ज्यादा परिवर्तन नहीं हुआ। 1970 तक पेरिस शहर का 60% कचरा नदी में बह रहा था, बिना किसी ट्रीटमेंट के। 1990 में पेरिस के उस वक्त के मेयर जेक्स शिराक (जो बाद में राष्ट्रपति बने) ने कुछ प्रयास किए। पर उसका कुछ खास असर नहीं हुआ। यहां तक कि 2017 में जब पेरिस में ओलंपिक खेलों के होने का निर्णय हुआ, तब भी हानिकारक बैक्टीरिया की मात्रा ज्यादा थी। इसीलिए 2024 की ओलंपिक तैराकी प्रतियोगिताओं को जब सेन में आयोजित कराने की घोषणा हुई तो लोग सन्न से रह गये। लोगों को विश्वास नहीं हो रहा था कि इतने कम समय में पानी की अपेक्षित सफाई कैसे हो पायेगी।

खैर, 2018 में 1.5 बिलियन डॉलर (12450 करोड़ रुपए) के सफाई योजना के साथ युद्ध स्तर पर काम शुरू हुआ। पानी को जमा करने, उसे साफ करने के उपाय किए गए। पेरिस की मेयर ऐन हिडाल्गो और राष्ट्रपति मैक्रों ने विश्वास जताया कि समय पर सफाई का कार्य सम्पन्न हो जायेगा। लोगों का विश्वास जीतने के लिए दोनों ने घोषणा की कि खेलों के शुरू होने से पहले सेन के पानी में वे खुद डुबकी लगाएंगे।

उसके बाद पानी की सफाई के स्तर में थोड़ा सुधार हुआ। मछलियों की प्रजातियों की संख्या जो पहले तीन थीं, 2020 तक वे बढ़कर 30 हो गईं। पर इसके बावजूद जून 2024 तक पानी की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ था। जून 3 से जुलाई 2 के बीच 22 दिन ऐसे थे जब हानिकारक E Coli बैक्टीरिया की मात्रा दुगुनी पाई गई।

जैसे जैसे ओलंपिक खेलों के शुरू होने की तारीख 26 जलाई एकदम नजदीक आ रहा थी, आयोजकों, अधिकारीयों, खिलाड़ीयों की चिंता बढ़ रही थी। सामान्य नागरिक भी चिंतित थे। क्योंकि हानिकारक बैक्टीरिया की मात्रा अभी भी ज्यादा थी। मेयर ऐन हिडाल्को को पानी में डुबकी लगाने की तारीख को दो बार टालना पड़ा।

इधर पेरिस में नागरिकों का एक समूह इस पूरे सफाई अभियान का शुरू से ही विरोध कर रहा है। वे इस सफाई योजना पर 150 करोड़ रुपए लगाने को फिजूलखर्ची मानते हैं। उनके अनुसार इन पैसों का उपयोग नागरिकों के हित में किसी बेहतर काम के लिए होना चाहिए।

जून के महीने में उनके विरोध ने एक अजीबोगरीब रूप धारण कर लिया। मेयर ऐन हिडाल्गो के नदी में डुबकी लगाने की तारीख 22 जून की जैसे ही घोषणा हुई, तो उन्होंने भी घोषणा की कि 23 जून को सेन नदी में वे अपने मल का विसर्जन करेंगे। इसके लिए उन्होंने एक वेबसाइट बनाकर विस्तार से बताया कि वे मल का विसर्जन कैसे और कहां करेंगे। और नदी के किस भाग में विसर्जन करने पर मल को पेरिस पहुंचने में कितना समय लगेगा। उन्होंने इसे एक आन्दोलन का रूप देकर इंटरनेट पर ट्रेंड भी करवाया। उनका उद्देश्य था सेन नदी की इस खर्चीली सफाई योजना को असफल करना। संयोग से उस दिन नदी का पानी टेस्ट में फेल हो गया और मेयर के डुबकी लगाने की तारीख टल गई। अतः विरोध कर्ताओं का मल विसर्जन भी नहीं हुआ।

17 जुलाई को मेयर ऐन हिडाल्गो सेन नदी में तैरती हुईं।
फोटो क्रेडिट: एएफपी

खैर, ओलंपिक की शुरुआत के ठीक 10 दिन पहले एक राहत की खबर आई। 17 जून को पेरिस की मेयर ऐन हिडाल्गो ने अपने वादे के अनुसार सेन नदी में प्रवेश कर अपनी तैराकी का प्रदर्शन किया। हालांकि राष्ट्रपति मैक्रों ने अभी भी अपना वादा पूरा नहीं किया है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से टेस्ट के परिणाम अनुकूल आ रहे थे। पानी की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार हुआ है।

अब आयोजन से जुड़े लोगों का विश्वास थोड़ा बढ़ा जरूर है। पर खतरा अभी भी टला नहीं है। क्योंकि प्रतियोगिताओं के ठीक पहले अगर तेज बारिश हो गई तो कचरों की मात्रा और उसके साथ हानिकारक बैक्टीरिया का स्तर बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में आयोजकों को तैराकी प्रतियोगिताओं की तारीख में बदलाव करना पड़ सकता है या फिर इन प्रतियोगिताओं को किसी और जगह पर करवाना पड़ सकता है।

वैसे मल विसर्जन आन्दोलन से जुड़े लोगों की अगली रणनीति क्या होगी, ये नहीं पता।

मतदाता की डायरी

मतदान बूथ पर पिता जी एवं बन्दना, फोटो क्रेडिट: अरुण

एक जून 2024 को लोकसभा चुनाव के सातवें चरण का अन्तिम दिन था। हमारे शहर पटना में मतदान का दिन। आशियाना नगर के घर में हम बस तीन लोग हैं। पिता जी, बन्दना और मैं। इनमें 93 वर्ष के पिता जी सुपर सीनियर सिटीजन हैं। बाकी दोनों भी सीनियर सिटीजन बन चुके हैं। तीनों को वोट डालने जाना था। इसके लिए हमने एक दिन पहले कुछ तैयारियां की थीं। कि क्या पहनना है, कितने बजे मतदान केंद्र पर पहुंचना है वगैरह वगैरह। इसके अलावा मैंने एक दो विडियो भी देखा था। ईवीएम, वीवीपैट वगैरह के बारे में, जिससे कि मतदान केंद्र पर मशीन की प्रक्रिया को समझने में कोई दिक्कत नहीं हो। या उसके कारण अचानक कोई परेशानी न हो।

सुबह सात बजे मतदान शुरू होना था। हमने तय किया था कि ठीक पौने सात में निकलेंगे। सवेरे सवेरे वोट डालकर लौट आएंगे। वोट डालने के लिए पर्चियां हमें मिल चुकी थीं। एक सरकारी मुलाजिम ने हमें करीब पंद्रह दिन पहले ही घर आकर सुपुर्द कर दिया था। 

एक ही घर में एक साथ रहते हुए भी मैं और पिता जी दो अलग-अलग ध्रुव के निवासी हैं। पिता जी बीजेपी के प्रबल समर्थक हैं। मोदी के अनन्य भक्त। मैं ठहरा मोदी का घोर विरोधी। वैसे भी हमारे देश में अब दो ध्रुव ही बचे हैं। मोदी के समर्थक या उसके विरोधी। दक्षिण, वाम, उदारवादी, सोशलिस्ट जैसे शब्द हमारे शब्दकोष से दूर हो गए हैं।

बन्दना इस तरह के राजनीतिक बहसों से दूरी बनाए रहती है। अगर उसकी अपनी कोई राय है भी तो उसे वह सार्वजनिक नहीं करती। हां, वह हम दोनों के बीच सामंजस्य जरूर स्थापित करती है। पिछले तीन चार वर्षों में पिता जी और मेरे बीच दो-चार बार मोदी को लेकर तीखी नोंकझोंक हो चुकी है जिसमें बन्दना ने बीच-बचाव किया है। वह पिता जी का पक्ष लेती है। शायद मुझे चुप कराना उसके लिए ज्यादा आसान है।

इतने दिनों में मैंने एवं पिता जी ने अपनी अपनी सीमाओं में रहना सीख लिया था। अपनी बातचीत में हम राजनीतिक मुद्दों से दूरी बनाए रखते हैं। कोशिश करते हैं कि हम एक दूसरे के सामने अपने मत व्यक्त नहीं करें। और अगर हममें से किसी एक ने छेड़ भी दिया तो दूसरा उसे नज़रंदाज़ कर देगा। हम प्रयास करते हैं कि अपने अपने विचारों की सीमाओं के अंदर ही रहें। हम दोनों के बीच की शांति को बरक़रार रखने में बन्दना की भूमिका महत्वपूर्ण है।

बन्दना के सौजन्य से सुबह कॉफी पीकर हम तीनों पैदल निकल पड़े। तय समय से पांच मिनट लेट। सात बजने में दस मिनट बाकी था। पर्ची एवं आधार कार्ड हमारे साथ था। मतदान केंद्र हमारी कॉलोनी के दूसरे छोड़ पर आशियाना क्लब में था। हमारे घर से पैदल चलने पर यह करीब पांच-छह मिनट का रास्ता है। पर ये केवल बन्दना और मेरे लिए। पिता जी के लिए यह दूरी ज्यादा थी। वह रोज शाम के वक्त जितनी दूरी कॉलोनी के पार्क जाने में तय करते हैं उससे लगभग डेढ़ गुणा ज्यादा। उनकी उम्र और उनके स्वास्थ्य की स्थिति को देखें तो उनके लिए पार्क जाना ही अपने आप में एक चुनौती है। पर 93 वर्ष के पिता जी रोज़ अपनी छड़ी और अपने आत्मबल के सहारे अपनी गति से पार्क जाते हैं और वहां से लौट आते हैं। ठीक वैसे ही जैसे कोई 30 वर्ष का व्यक्ति रोज मैराथन में भाग ले रहा हो।

एक रात पहले मैंने पिता जी से पूछा कि क्या कल के लिए पांच सौ रुपए में हम एक टैक्सी किराए पर ले लें? हम तीनों साथ चलेंगे और मतदान के बाद उसी में बैठकर आ जाएंगे। उन्होंने उसका मज़ाक उड़ाते हुए कहा कि यह फिजूलखर्ची होगी। तुम्हारे पास अगर पैसे ज्यादा हैं तो मुझे दे दो। कहकर उन्होंने जोर का ठहाका लगाया। उनके इस अन्दाज़ को देखकर मैंने भी जोर डालना उचित नहीं समझा। वैसे भी इस मुद्दे पर मैं अलग-थलग पड़ चुका था। बन्दना उनसे सहमत थी।

अब रास्ते में हमारे लिए एक और चुनौती थी। हम दोनों को पिता जी का ध्यान भी रखना था। लेकिन हमें उनके साथ चलने की इजाज़त नहीं थी। जब कभी भी हम कहीं पैदल जाते हैं तो उनकी सख़्त हिदायत होती है, “तुमलोग या तो मेरे आगे चलो या पीछे। मेरे साथ मत चलो। और मुझे सहारा देने की कोशिश तो बिल्कुल मत करो। छुओ भी नहीं”। वे कहते कि तुम्हारे साथ रहने पर मैं दबाव महसूस करता हूं। लगता है कि मैं भी थोड़ा तेज चलूं, जो मेरे लिए अच्छा नहीं है।

मैं तो प्रायः इस बात का ध्यान रखता हूं मगर पिछले महीने इसी बात पर मुरारी दा को डांट पड़ गई थी। असल में हम लोग (पिता जी, बन्दना, मेधा और मैं) एक समारोह में शामिल होने अपने गांव मोकामा गए थे। वहां पिता जी को लेकर मैं मुरारी दा के घर पहुंचा। घर के अंदर प्रवेश करने के लिए दो-तीन सीढ़ियां थीं। पिता जी अपने हिसाब से उसपर चढ़ने लगे। मैं उनके पीछे था और मुरारी दा उनके आगे। मुरारी दा को लगा कि पिता जी को सहारे की जरूरत है और उन्होंने उनके हाथ को सहारा देने के लिए पकड़ लिया। पर जैसे ही उन्होंने हाथ पकड़ा कि पिता जी ने जोर से झटककर उन्हें डांट दिया, “मुझे छुओ नहीं, हटो”। मुरारी दा मेरी ओर देखने लगे। मैंने इशारे से उनको मना किया।

यही थी हमारी चुनौती। उन पर नज़र भी रखना था और दूरी भी बनाए रखना था। मतदान केंद्र के रास्ते में बन्दना और मैं साथ-साथ चल रहे थे। पिता जी जब पीछे होते तो हम रुक जाते। जब वो आगे बढ़ जाते, तो हम उनके पीछे। इसी तरह कभी आगे तो कभी पीछे चलते हुए हम बढ़ रहे थे। रोड पर लोगों की चहल-पहल थी। हमारे कॉलोनी में चार मतदान केंद्र थे। कुछ लोग वोट डालने जा रहे थे। कुछ लौट कर आ रहे थे। कई परिचित सज्जन से भेंट हो रही थी।

मैं सोचने लगा कि पिता जी आंख मूंद कर मोदी का समर्थन क्यों करते हैं? कोई स्पष्ट जवाब तो मेरे पास नहीं था। पर मुझे ऐसा लगता है कि 90 से अधिक उम्र वाले मेरे पिता जिस पीढ़ी से आते हैं, उसने भारत की आज़ादी को देखा है। उसने आज़ादी के पहले के समय को भी देखा है जब उनकी जाति, उनके समुदाय का समाज में वर्चस्व हुआ करता था। हम जाति से भूमिहार हैं। एक समय था जब जाति व्यवस्था के अनुक्रम में भूमिहार एवं कुछ अन्य जातियों का बोलबाला हुआ करता था। सत्ता एवं संसाधनों पर उनका वर्चस्व था।

1947 में आज़ादी और ख़ासकर 1950 में संविधान के लागू होने के बाद इन जातियों को एक ज़ोर का झटका लगा। सबसे बड़ा झटका तो ये मानसिक था। बाकी असर तो इसका बाद के वर्षों में दिखाई पड़ा। धीरे-धीरे इन जातियों का वर्चस्व ढहने लगा। सत्ता एवं संसाधनों के इस हस्तांतरण को मैंने भी देखा है। कि कैसे समानता के सिद्धांतों पर आधारित हमारे संविधान ने बाकी जातियों को आगे बढ़ने में मदद की। हालांकि समानता अपने आप में एक मिथक है जिसकी पूर्णता किसी भी परिस्थिति में संभव नहीं है।

पर शायद इन्हीं कारणों से पिता जी और हमारे समुदाय में उनकी पीढ़ी के बहुत सारे लोग कांग्रेस के शुरू से ही विरोधी रहे। क्योंकि उनके अनुसार कांग्रेस के कारण ही उनके समुदाय का वर्चस्व छिन गया। लालू यादव की पार्टी आर जे डी को तो ये बिल्कुल नहीं पसंद करते हैं। और कांग्रेस का इसी से एलायंस है।

वैसे मोदी का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष धर्म है जिसके सहारे वो अपने वोटरों को एक जुट करता है। हिन्दू को खतरे में दिखाना, मुस्लिम के प्रति घृणा पैदा करना। उसके ध्रुवीकरण के ये मूल हथियार हैं। पिता जी को शायद ये भी आकर्षित करता है। उन्हें ऐसा लगता है कि मोदी एक ऐसा व्यक्ति है जो हमारी जाति, हमारे धर्म की खोयी हुई प्रतिष्ठा को लौटा देगा।

मेरे लिए धर्म, जाति जैसी चीजें काल्पनिक सच्चाइयां हैं। इन पर आधारित राजनीति कलह और घृणा से भरी है। इनसे किसी का भला नहीं हो सकता। हमारा संविधान हमारे राष्ट्र की मुख्य पहचान है। और उसको ठीक तरह से लागू करने में ही हम सबका भला है। लेकिन सत्ता में बने रहने के लिए मोदी ने संविधान को हमेशा तोड़-मरोड़ कर अपने फायदे के लिए उपयोग किया है।

इसलिए मोदी का इस बार सत्ता में आना जनता के लिए ज्यादा खतरनाक सिद्ध हो सकता है। क्योंकि इसके बाद भारत में बड़ी पूंजी का नंगा खेल शुरू हो जायेगा। और उस खेल में मोदी की भूमिका बस एक प्यादे की तरह हो जाएगी। चंद पूंजिपतियों की संख्या तो जरूर बढ़ेगी। पर बाकी जनता की हालत बदतर हो जाएगी। और पिता जी जैसे समर्थकों का सपना भी पूरा नहीं होगा। क्योंकि धर्म और जाति इस खेल के केवल हथियार हैं, उद्देश्य नहीं।

रास्ते भर मैं विचारों के इसी उहापोह में रहा। इस बीच हम मतदान केंद्र पहुंच गए। पिता जी आगे थे और मैं उनके पीछे। गेट के सामने गार्ड ने उन्हें देखकर बड़े आदर भाव से केन्द्र के अंदर जाने की इजाजत दे दी। उनके अटेंडेंट होने के मुझे भी फायदे मिल रहे थे। हम दोनों को कतार में खड़े होने की जरूरत ही नहीं पड़ी। आगे आगे पिता जी और पीछे से मैं। बन्दना वोटरों के लिए बनी लाइन में शामिल हो गई।

अंदर तीन टेबल थे। पहले वाले पर हमारे पहचान पत्र की जांच हुई। दूसरे पर हमसे दस्तख़त करवाया गया और तीसरे पर एक व्यक्ति ने हमारे बांएं हाथ की दूसरी उंगली पर स्याही लगा दिया। स्याही लगने के बाद पिता जी को मैं उस टेबल के पास ले गया जहां उन्हें ईवीएम पर बटन दबा कर अपना वोट डालना था। गुप्त मतदान के कारण ईवीएम को एक घेरे में रखा गया था।

मतदान के बाद बन्दना (फोटो क्रेडिट: अरुण)

अचानक वहां पहुंचने पर पिता जी को समझ में नहीं आ रहा था कि वे क्या करें। ईवीएम के दाहिनी छोर पर पार्टी के चुनाव चिन्ह का कॉलम था जो मुझे तुरंत दिख गया। कांग्रेस का चुनाव चिन्ह ‘हाथ’ सबसे ऊपर था। इसके बाद दो और चिन्ह थे। बीजेपी का ‘कमल’ चौथे स्थान पर था। उसके नीचे कई और चिन्ह थे।

पिता जी मुझसे बार-बार पूछने लगे कि क्या करना है। उन्हें अपना मनपसंद चिन्ह नहीं दिख रहा था। मैंने उनको कहा कि आप आराम से एक बार दाहिनी ओर दिये गये कॉलम को देखिए। आप जिस पर लगाना चाहते हैं वो मिल जाएगा। जब वे खोजने लगे तो मेरे मन में ये बात आ रही थी कि शायद उनका मन बदल जाए और वे मेरे पसंद के बटन को दबा दें। मैं चाहता तो उन्हें ऐसा करने के लिए एक बार कह सकता था। पर मैंने उसमें दखल देना उचित नहीं समझा।

खैर दो-तीन बार ऊपर नीचे देखने के बाद उन्हें कुछ दिखा। उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं यहां दबा दूं? मैनें हां कर दी और उन्होंने उस बटन को दबा दिया। उसके बाद मैंने भी अपना मतदान किया और हमलोग बाहर की ओर चल पड़े। बाहर मैंने उनका फोटो वगैरह खींचा। फिर हम घर की ओर चल पड़े।

A Man from Motihari: a book review

Photo credit: arun jee

Yesterday I finished reading A Man from Motihari, a novel by Abdullah Khan, published recently by Penguin. I had picked up the book after going through its review in the Hindu.

The novel tells the gripping tale of a man from Motihari, the birthplace of the great English author George Orwell. Motihari is a small town situated about 150 kilometers north of Patna in Bihar, India. Interestingly this man named Aslam Sher Khan was born exactly in the same house where Orwell was born.

Aslam hails from a lower middle class family in Motihari. And it is due to his education that he rises the ladder of success. He gets a white collar job as a banker in a public sector bank. Moving from one Indian town to another for his job and receiving setbacks like divorce and separation from his daughter and family he reaches Los Angeles in the US where he meets Jessica, the love of his life. Jessica is a Hollywood actor.

Aslam’s story coincides with the story of today’s India. The novel is a document of the country’s political developments since the demolition of the Babri Masjid in the nineties. Aslam was only a child then. He observes the changes that are taking place in the country over the years. Being a Muslim he has himself been a victim of these changes on various occasions in his locality, office or other public places. Aslam is also a survivor of the Gujarat riots in 2002. He has had nightmarish experiences of those riots. It hurts him to see his secular country gradually turning into a theocratic state.

The novel seeks to reveal that Islam as a religion is not a monolith. It is a congregation of a large number of its followers divided into sects and subsects who may be at war with one another at various levels. These differences pop up in the story particularly during the love affair between Farooque and Mahrukh. Their love didn’t have the approval of Mahrukh’s family because Farooq Ansari was from a lower caste, a Julaha, while Mahrukh was from a higher caste. The novel also tries to depict that just as in other religions the majority of the people in Islam are peace loving.

Though the novel has been written from the perspective of its main character, Aslam Sher Khan, and it delves deeper into the undercurrents of his community and society, it also seeks to bust the stereotypes about Hindus and Christians through its characters and story.

It’s a strange coincidence that just before taking up this novel I had gone through a novel in Hindi titled Vaishalinama. And I feel tempted to convey that apart from the obvious difference in the language I observe a lot of similarities between the two. Both try to portray the problems of the contemporary age. A Man from Motihari deals with interreligious issues through a story of today, while Vaishalinama focuses on the inter caste ones through an allegorical story of the ancient age. They both try to show how some people can draw political power in a state by manufacturing false narratives. In one the narratives are about religions, in the other they are about castes.

However there is one stark difference between the two novels. In Vaishalinama the author Prabhat Praneet has the solution to the problems in the society but in A Man from Motihari the problems seem insoluble. I can understand the author Abdullah Khan’s predicament. Probably he wants to remain loyal to the reality of today.

We should feel happy, however, that in today’s post truth age when attempts are being made to manipulate and erase the facts of the past and the present the authors like Abdullah Khan and Prabhat Praneet are taking recourse to fiction to reveal those facts.

What a coincidence! Both the authors belonging to the same region of Bihar have written novels having similar themes and about the same time. One in Hindi and the other in English.

वो युवक जिसने पेरिस में अपनी शादी रचाई होगी

Photo credit: arun jee

मेरे मन में पेरिस से जुड़ी कहानियों की होड़ मची है। एक कहानी कह रही है मुझे निकालो, तो दूसरी कह रही मुझको कहो। कल देर रात हम फ्रांस में समुद्र पर बसे एक शहर की यात्रा से लौटे। वहां के मनोरम दृश्य और उनसे जुड़ी घटनाएं मन पर हावी थीं। पर अचानक आज सुबह उस लड़के की याद आ गई जो पिछले सप्ताह पेरिस की यात्रा के दौरान हवाई जहाज में मिला था।

मस्कट से पेरिस आने वाले जहाज में जब हम सवार हुए तो मेरे ठीक बगल वाले सीट पर एक युवक आकर बैठ गया। उसकी उम्र होगी पच्चीस से तीस वर्ष के बीच। कद-काठी मेरे ही इतनी। बैठते ही मुझे देखकर मुस्कुराया।

मुझे काफी तसल्ली मिली। क्यों कि इस यात्रा में अभी तक जितने भी यात्री मिले थे उनसे मेरा कोई आदान-प्रदान नहीं हुआ था। सभी अपने ही धुन में मस्त। ज्यादातर लोग अपने मोबाइल पर झुके हुए। ये कुछ अलग लग रहा था।

दिल्ली से पेरिस की विमान यात्रा में ये हमें दूसरे जहाज में मिला था। पहले जहाज से हम मस्कट उतरे थे। फिर दूसरे जहाज से पेरिस के लिए रवाना हुए। दूसरा पहले की अपेक्षा काफी बड़ा था। उसकी हरेक पंक्ति में नौ सीटें थीं। और प्रत्येक तीन सीट के बाद आने जाने का एक रास्ता। मतलब उसमें आने-जाने के दो रास्ते थे। जहाज में बने इस तरह के रास्ते को अंग्रेजी में आइल कहते हैं। हमारी तीन सीटों वाली पंक्ति दो रास्तों के बीच अवस्थित था। और मेरी सीट उन तीनों के भी बीच में। मेरी बायीं ओर बन्दना थीं और दायीं ओर वह युवक।

ज्यादा बोलना, सामने वाले से सवाल करना या फिर बिना पूछे कोई जानकारी दे देना। ये सब मेरी आदतों का हिस्सा रहा है। शायद अपने पेशे का प्रभाव है। पर आजकल कोशिश कर रहा हूं कि इन आदतों को बदलूं। कम बोलूं, ज्यादा दूसरे लोगों की बातों को सुनूं। पेरिस की यात्रा की तैयारी के लिए मैंने इसका खास ध्यान रखा था। परन्तु उस युवक की मुस्कुराहट ने मुझे उत्साहित कर दिया था। बात करने के लिए। उसके बारे में जानने के लिए।

जहाज के उड़ान भरते ही मैंने उससे पूछा कि आप पेरिस जा रहे हैं? हालांकि इस सवाल का कोई मतलब नहीं था। क्योंकि जहाज का पड़ाव पेरिस ही था। इसके सभी यात्री पेरिस ही जा रहे थे। पर इसके अलावा मुझे और कोई सवाल उस वक्त नहीं सूझा। वैसे भी पहली बातचीत में नाम वगैरह पूछना मुझे अटपटा लग रहा था। उसने कहा हां। आगे बातचीत में उसने बताया कि वो पेरिस पहली बार जा रहा है। हमारी बातचीत अंग्रेजी में हो रही थी। और उसके अंग्रेजी बोलने के लहजे से मैंने अनुमान लगाया कि वह भारत के किसी दक्षिणी प्रदेश से हैं।

कुछ ही देर में जहाज कर्मी खाना लेकर आ गए। मुझे भूख लग चुकी थी। पर पहले राउंड में उन्होंने केवल कुछ लोगों को भोजन परोसा। उसमें बन्दना एक थीं। उन्हें मिला शाकाहारी पास्ता। गरम-गरम पास्ता की थाली को देखकर भूख और बढ़ गई। मैंने अपना नाम मांसाहारियों में लिखवाया था। इसलिए लगा कि मुझे बाकी यात्रियों के साथ दूसरे राउंड में मिलेगा।

पर दूसरे राउंड में जिन लोगों की बारी आई उसमें वह युवक था, मैं नहीं। उसे मिला चावल-दाल। मेरी बायीं ओर था पास्ता और दायीं ओर चावल-दाल। मेरे सब्र का बांध टूटने लगा था। खाना परोसने वाली महिला से पूछने पर मालूम हुआ कि सबसे पहले स्पेशल भोजन परोसा जाता है। फिर सामान्य। मेरे लिए यह बिल्कुल असामान्य बात थी। अबतक मैं जानता था शाकाहारी भोजन एक सामान्य चीज है और मांसाहारी विशेष। पर एक अलग परिवेश में कैसे चीजें बदल सकती है, मुझे समझ आने लगा था। अपनी दायीं ओर चावल-दाल को देखकर थोड़ा कौतूहल भी होने लगा।

मैंने उससे कहा कि वाह एक मैं ही मांसाहारी निकला। आप दोनों तो शुद्ध शाकाहारी हैं। फिर मैंने जानना चाहा कि शाकाहारी में भी उसे चावल-दाल कैसे मिला जबकि बन्दना को पास्ता। उसने कहा कि टिकट कटाते वक्त ओमान के वेबसाइट पर उसने अपनी पसंद में केवल शाकाहारी ही नहीं, बल्कि विशेष रूप से ‘हिन्दू शाकाहारी भोजन’ को चुना था। तब मुझे समझ आया कि बन्दना, एक शुद्ध शाकाहारी, को पाश्चात्य शाकाहारी थाली क्यों मिली।

फिर उसने बताया कि वह मुस्लिम है और आॉफिस में उसके कई दोस्त हिन्दू हैं। प्रायः जब वह चिकन या मटन का कोई व्यंजन लेकर ऑफिस जाता है तो उसके हिन्दू दोस्त चावल-दाल लेकर आते हैं। वे एक दूसरे का भोजन शेयर करते थे। मांसाहारी भोजन खाकर वह थोड़ा बोर हो गया था। इसलिए जब विमान में उसे खाने को चुनना था तो उसने ‘हिन्दू शाकाहारी भोजन’ चुना। अच्छा, तो ये दोस्ती का असर है। सोचकर मुझे अच्छा लगा। तब-तक मेरी थाली भी आ गई। चिकन बिरयानी। और मैं उस पर टूट पड़ा।

बाद में उसने बताया कि वह एक कंपनी में मेकेनिकल इंजीनियर है। और उसके अनुसंधान विभाग में कार्यरत है। उसे नयी नयी मशीनों के बारे में जानने, उन पर काम करने में अच्छा लगता है। ग्राहकों की सुविधा के लिए नये मशीन इज़ाद करने, उसमें बदलाव लाने में मज़ा आता है।

मुझे लग रहा था कि पेरिस वह अपने कंपनी के काम से जा रहा है। पर उसने बताया कि पेरिस में उसकी शादी होने वाली है। लड़की और उसके परिवार के लोग पेरिस में ही रहते हैं। दो दिन बाद वहीं उनका निक़ाह होगा। टुकड़ों में हुई हमारी बातचीत अचानक बीच में रुक गई जब विमान में पेरिस के नजदीक आने की घोषणा हुई। फिर हमलोग अपने सामान को समेटने में लग गए। कुछ ही मिनटों में विमान नीचे उतरा। फिर हम अलग हो गए।

पेरिस पहुंचने के बाद उस युवक को मैं लगभग भूल सा गया था। अगले दिन से ही हमारे घूमने का कार्यक्रम शुरू हो गया और अभी भी चल ही रहा है। लेकिन दो दिन बाद गूगल न्यूज़ पर मैंने पढ़ा कि आइफ़िल टावर के ऊपर एक युगल जोड़ी ने विवाह रचाया। तब मुझे लगने लगा कि ये निश्चित रूप से उसी युवक के विवाह की ख़बर है। वैसे भी गूगल हमारे लोकेशन, हमारी बातचीत की पूरी ख़बर रखता है। और उसने इस ख़बर को मुझे इसलिए परोसा है क्योंकि उसे मालूम है कि मुझे इसमें दिलचस्पी होगी।

जिस दिन की ये ख़बर थी उसी के अगले दिन हमारा भी आइफ़िल टावर के ऊपर जाने का कार्यक्रम था। पढ़कर मुझे लगने लगा कि काश मैं भी उस वक्त आइफ़िल टावर पर मौजूद होता। मुझे पूरा विश्वास था कि वहां उपस्थित रहने पर उसकी शादी के वलीमे में श़रीक होने का न्योता जरूर मिलता। केवल एक दिन के अंतर से मैं छूट गया।

पेरिस में बच्चों ने मुझे कैसे ढूंढ़ा

Photo credit: Tanmay

बन्दना और बच्चों से अलग होने के बाद पेरिस के जिस मेट्रो स्टेशन पर मैं उतरा था उसका नाम है रिपब्लिक। यह पेरिस के एक महत्वपूर्ण स्मारक के बिल्कुल करीब है और उसका नाम भी रिपब्लिक (monument a la Republique) है। उसका निर्माण फ्रांसीसी क्रांति के 90वें सालगिरह के अवसर पर, 1879 में, हुआ था। लगभग तीन एकड़ के खुले मैदान के बीचो-बीच बने इस स्मारक के केन्द्र में एक महिला की विशाल मूर्ति है जो फ्रांस के गणतंत्र का प्रतीक है। उसके तीनों तरफ गणतंत्र के तीन महत्वपूर्ण स्तंभों, आज़ादी, समानता एवं भाईचारा, को दर्शाती तीन छोटी-छोटी मूर्तियां हैं। रिपब्लिक मेट्रो स्टेशन का नाम इसी स्मारक से जुड़ा है।

पिछले पोस्ट में मैं बता चुका हूं कि रिपब्लिक स्टेशन पर जब मैं उतरा तो पूरी तरह से डिसकनेक्टेड था। मेरे पास सम्पर्क का कोई साधन नहीं था। हालांकि तन्मय की योजना थी कि हमारे पेरिस पहुंचने के साथ ही वह मेरे फ़ोन पर एक लोकल सिम डलवा देगा। महानगर में घूमने के लिए एक दो ऐप भी डाउनलोड करवाना था। पर तब तक ये सब हुआ नहीं था। इसलिए मेरे पास फोन जरूर था पर मैं न तो कॉल कर सकता था न ही मेसेजिंग। वे लोग भी मुझसे सम्पर्क स्थापित नहीं कर सकते थे। भाषा की एक अलग ही समस्या थी। हां, मेरे फ़ोन में तन्मय के घर का पता जरूर था। और था मेरे पास मेरा फोरेक्स कार्ड। खर्च करने के लिए यूरो करेंसी।

स्टेशन पर मेरे पास पहला विकल्प ये था कि मैं सीढ़ियों से चढ़कर सामने वाले प्लेटफार्म पर उतर जाऊं। फिर मेट्रो पकड़कर एक स्टेशन पीछे जाऊं। वहीं जहां बन्दना, तन्मय, इंचरा और मेधा उतरे थे। हालांकि मेरे जैसे अजनबी के लिए यह भी एक चुनौती थी। क्यों कि रिपब्लिक एक मेट्रो जंक्शन है। यहां पांच अलग-अलग जगहों से आनेवाली लाइनें मिलती हैं। सही रास्ते को चुनकर, सही जगह पहुंचना मेरे लिए कठिन था। ऊपर रास्तों का एक जाल था। और सारे नाम फ्रेंच में लिखे हुए। खैर, अंदाज से किसी तरह मैं दूसरे प्लेटफार्म पर पहुंच गया और जैसे ही एक मेट्रो ट्रेन आई, मैं उस पर सवार हो गया। जो पहला स्टेशन आया उसका नाम था ‘आर्ट्स एंड मीटर्स’ (Arts et Meters)। वहीं उतर गया।

नाम के अनुरूप ही इस स्टेशन के दोनों प्लेटफार्म्स की दीवारों पर तांबे की सुन्दर कलाकृतियां हैं। असल में आर्ट्स एंड मीटर्स फ्रांस के एक सुप्रसिद्ध इंजीनियरिंग संस्थान का नाम है। उस संस्थान की तुलना अमरीका के गिने-चुने आईवी लीग विश्वविद्यालयों, इंग्लैंड के औकसफोर्ड, कैम्ब्रिज वगैरह से की जाती है। उसकी शाखाएं फ्रांस के सभी बड़े बड़े शहरों में हैं। उसमें लगभग 70000 विद्यार्थी पढ़ते हैं। ये मेट्रो स्टेशन उसी नामी संस्थान के नजदीक है। इसीलिए इसका नाम भी आर्ट्स एंड मीटर्स रखा गया है।

प्लेटफार्म पर उतरकर जब मैंने सामने वाले प्लेटफार्म पर नजर दौड़ाई तो तन्मय, बन्दना, इंचरा मेधा किसी का कोई अता-पता नहीं था। मैंने सोचा कि शायद कुछ देर तक इंतजार करने पर उनसे भेंट हो जाएगी। वहां कुछ देर मैं यूं ही इधर उधर टहलता रहा। नज़र गड़ाए रखा कि उनमें से कोई एक भी दिख जाए। दो तीन गाड़ियां गुजर गईं। बहुत सारे यात्री आए और चले गए। पर वे नज़र नहीं आए। बाद में उन्होंने मुझे बताया कि उन्होंने तीन मेट्रो ट्रेन के आने तक मेरा इंतजार किया था। उसके बाद वे मुझे खोजने निकल गए थे।

उन लोगों से अलग हुए अब एक घंटे से ज्यादा हो गया था। प्लेटफार्म पर यात्रियों की संख्या कम होने लगी थी और मेरी बेचैनी बढ़ने लगी थी। पिछली शाम तन्मय और इंचरा ने पेरिस में पाकेटमारी, ठगी और छीना-छपटी के कुछ किस्से सुनाए थे। उन्होंने इस बावत सावधानी बरतने के लिए हमें आगाह भी किया था। आने वाले दिनों में पाकेटमारों से भी हमारा सामना होने वाला था। पर उसकी कहानी किसी और दिन।

प्लेटफार्म पर जैसे जैसे रात गहरी होने लगी, मुझे लगने लगा कि अब मुझे कोई और उपाय ढूंढना होगा। और इसके लिए मेट्रो की गुफाओं से बाहर निकलना जरूरी था। पेरिस में धरती के अंदर मेट्रो नेटवर्क के रास्ते मुझे गुफाओं की तरह ही लगने लगे थे। अनजान, रहस्यमय और डरावने। एक डर यह भी था कि कहीं वहां कुछ समय के लिए अगर बिजली गुल हो जाय तो क्या होगा? इसलिए अब मुझे बाहर निकलने की छटपटाहट होने लगी। पर निकलें अगर तो किस रास्ते?

हिम्मत करके मैंने एक व्यक्ति से वहां से बाहर निकलने का रास्ता पूछा? मेरा ये सौभाग्य था उसने बड़ी विनम्रता और मुस्कुराहट के साथ अंग्रेजी में बताया कि जिस रास्ते के ऊपर Sortie लिखा हो उस रास्ते से आप बाहर निकल सकते हैं। Sortie एक फ्रेंच शब्द है जिसका अंग्रेजी में मतलब है exit और हिंदी में निकास द्वार। उस व्यक्ति का मिलना एक सौभाग्य इसलिए था कि आगे लोगों से मदद मिलने में काफी दिक्कत हुई। पेरिस में अजनबियों से प्रायः लोग परहेज करते हैं।

खैर उस सज्जन की बात को ध्यान में रखते हुए मैं मेट्रो के पाताल लोक से बाहर आ गया। थोड़ी राहत महसूस हो रही थी। खुले आसमान के नीचे खुली हवा में सांस लेकर। सामने एक रेस्तरां था। उसका नाम भी था आर्ट्स एंड मीटर्स। उसके किनारे से होकर मैं एक चौक के पास रुक गया। वहां मैंने कुछ राहगीरों से अंग्रेजी में मदद के लिए अनुरोध किया। मैं चाहता था कि कोई मुझे टैक्सी खोजने में मदद कर दे। पर किसी भी व्यक्ति ने मेरी ओर आंख उठाकर भी नहीं देखा। फिर मैंने रोड पर किसी से मदद मांगने का इरादा छोड़ दिया। अब मैं सोचने लगा कि लौटकर मुझे आर्ट्स एंड मीटर्स नामक उस रेस्तरां में जाना चाहिए और वहीं रेस्तरां वाले से मदद लेनी चाहिए।

अभी मैं रेस्तरां के प्रवेश द्वार पर पहुंचने ही वाला था कि मेरे फ़ोन पर एक अनजान नंबर से फोन आया। मैंने जल्दी से फोन उठाया। उधर से सुकन्या की आवाज़ थी। मेधा की दोस्त। उसने पूछा कि मैं कहां हूं। बेंगलुरु से बात कर रही थी। उसके तुरंत बाद मेधा का, फिर इंचरा का वाट्सअप कॉल आ गया। इसके बाद मैंने उन्हें अपना लोकेशन शेयर कर दिया। आधे घंटे के अंदर तन्मय उस रेस्तरां में आ गया। मैं वहीं उसका इंतजार कर रहा था।

असल में आर्ट्स एंड मीटर्स स्टेशन पर जब मैं इन लोगों से अलग हुआ था तो कुछ देर इंतजार के बाद ये लोग तीन तरफ मुझे खोजने निकल पड़े थे। तन्मय और इंचरा मेट्रो के उसी लाइन पर दो विपरीत दिशाओं की ओर चल पड़े थे। मेधा और बन्दना घर लौट गए थे। रास्ते में मेधा ने बेंगलूर में अपनी दोस्त सुकन्या की मदद से मेरे फ़ोन पर इंटरनेशनल कॉल का रिचार्ज करवा दिया।

घर लौटने के बाद मुझे सभी लोगों से बहुत सारा ज्ञान मिला। मिलने की खुशी में हम डिनर के लिए एक वियतनामी रेस्तरां में गए।

वियतनामी रेस्तरां में मैं और बन्दना। फोटो क्रेडिट: इंचरा

अब जब भी हम बाहर घूमने जाते हैं तो बच्चे हमारे आगे और पीछे चलते हैं और गाते रहते हैं:

“तीतर के दो आगे तीतर
तीतर के दो पीछे तीतर…”

हालांकि अब पेरिस के रंग ढंग से हम धीरे-धीरे अवगत हो रहे हैं।

पेरिस की पहली शाम और मैं खो गया

Photo credit: arun jee

पेरिस की हमारी ये पहली शाम थी। हमने तय किया था कि सबसे पहले हम कुछ गर्म कपड़े खरीदेंगे। फिर सेन्न नदी के तट पर घूमेंगे। पुल से वहां के ऐतिहासिक स्थलों, इमारतों और शहर की गतिविधियों का अवलोकन करेंगे। सेन्न नदी पेरिस के ठीक बीच से होकर गुजरती है। यह शहर को दो भागों में बांटती है। इसकी चौड़ाई पटना में गंगा की चौड़ाई से काफी कम है। शायद गंडक के इतनी चौड़ी होगी। इसके ऊपर जगह जगह पर पुल बने हैं, जहां से शाम में शहर की सुन्दरता देखते बनती है।

योजना के मुताबिक शापिंग के बाद हम (बन्दना, इंचरा, तन्मय, मेधा और मैं) सेन्न नदी के ऊपर बने एक सुंदर पुल पर चढ़ गए। यह लूव्र म्यूजियम के लगभग सामने था। आसमान में बादल छाए हुए थे। बीच बीच में हल्की बारिश की बूंदें आ जा रही थीं। शाम ढल रही थी। चारो ओर शहर का नज़ारा अद्भुत था। पुल के दोनों ओर बड़ी बड़ी ऐतिहासिक इमारतें हमें लुभा रही थीं। लूव्र भी उनमें से एक था। पेरिस शहर के भवनों की कुछ खास विशेषताएं हैं। उनके बारे में अलग से किसी दूसरे पोस्ट में बात करेंगे।

पुल के नीचे नदी अपने निर्बाध गति से बह रही थी। पानी की सतह पर सैलानियों को लेकर बढ़ते हुए मोटरबोट सुंदर लग रहे थे। वैसे नदी का पानी साफ नहीं है। सुना है यहां की सरकार ने अगले ओलंपिक खेलों (2024) की शुरुआत होने तक सेन्न की सफाई को पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

पुल पर बने फुटपाथ के दोनों ओर हम सभी फोटो खींचने में जुट गए। पर जल्द ही इस काम को इंचरा ने संभाल लिया। उसकी फोटोग्राफी काफी अच्छी है। उसने अलग अलग ऐंगल्स से बहुत सारे फोटो खींचे। सपनों के शहर में अब शाम हो रही थी। नदी के पश्चिमी ओर दूर एक छोर से आइफ़िल टावर भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा था।

मेधा ने बताया कि फ्रांसीसी क्रांति के दौरान पास ही के एक महल में रानी मेरी ऐन्टोनेट को कैद करके रखा गया था। मेरी ऐन्टोनेट राजा लुई 16 की पत्नी थी। बाद में क्रांतिकारियों ने पूरी जनता के सामने गिलोटीन से रानी का सर धड़ से अलग कर दिया। राजा लुई को मौत की सजा इसके पहले ही मिल चुकी थी। पूरे लुई राजवंश का अंत हो गया।

फ्रांसीसी क्रांति पूरी दुनिया के लिए एक मिसाल है। इसके बारे में कहा जाता है कि इसी ने लोकतंत्र के आधुनिक स्वरूप की नींव रखी है। पर ये जगह उस क्रांति से जुड़ा है। सोचकर सिहरन होने लगी। सोचने लगा कि आखिर रानी मेरी के ऊपर क्या इल्ज़ाम थे जो उन्हें इतनी बड़ी सजा मिली। मुझे इतना तो मालूम था कि राजा और उसके परिवार को मृत्यु दण्ड मिला था। पर इसकी विस्तृत जानकारी नहीं थी।

अंधेरा अब धीरे धीरे गहरा होने लगा था। पुल के ऊपर लगी बत्तियां जल उठी थीं। घर लौटने के लिए हम मेट्रो की ओर बढ़ने लगे। मेट्रो में मेरे ऊपर पेरिस की पहली शाम का काफी असर था। उन नज़ारों और उनसे जुड़ी कहानियां इतनी हावी थीं कि मैं खो गया। तन्मय, बन्दना, इंचरा और मेधा आगे खड़े थे। और मैं कोने में एक कुर्सी पर बैठा था। अचानक ट्रेन रुकी और वे लोग उतर गए। मैं भी जाने के लिए उठा। पर जब तक मेरी तंद्रा टूटी तब-तक शीशे का दरवाजा बन्द हो चुका था। मैं शीशे के अंदर से सबको बाहर प्लेटफार्म पर खड़ा देख रहा था। वे लोग विस्फारित नेत्रों से ट्रेन के डब्बे में जाते मुझे देखते रह गए। ये सब इतना जल्दी हुआ कि मुझे सोचने का भी मौका नहीं मिला।

आस-पास खड़े यात्रियों में से एक ने मुझे अगले स्टेशन पर उतरने का इशारा किया। तब-तक प्लेटफार्म पर गाड़ी पहुंच चुकी थी। मैं उतर गया। मेरे पास मोबाइल था, पर इंटरनेशनल कॉल की सुविधा नहीं थी। इंटरनेट भी नहीं। मोबाइल पर तन्मय के घर का पता मौजूद था। लेकिन फिर किसको बताएं? किस भाषा में बताएं? हिंदी किसी को आती नहीं, अंग्रेजी भी मुश्किल। फ़्रेंच मुझे नहीं आती। बहुत सारे सवाल मन में आ रहे थे। थोड़ी घबराहट भी होने लगी। पेरिस की ये मेरी पहली शाम थी और सचमुच मैं खो गया था।

बच्चों ने मुझे कैसे ढूंढ़ा? अगले पोस्ट में…

चाय (महाकाव्य) की महिमा

Photo credit: Rajiv Ranjan Prasad

पिछले सप्ताह मेरे व्हाट्सअप पर एक फोटो आया, जो नीचे संलग्न है। फोटो के नीचे लिखा था: चाय (महाकाव्य) पढ़िये। मेसेज भेजा था हमारे मुहल्ले के Rajiv Ranjan Prasad ने। फोटो को देखकर लगा कि राजीव जी ने अपने यहां मुझे चाय पे बुलाया है।

उसी दिन जब वे शाम को मिले तो उन्होंने ‘चाय (महाकाव्य)’ के बारे में जानकारी दी, जो एक पुस्तक है। उनके पिता डॉ सुरेश प्रसाद की एक रचना। ज्ञान गंगा दिल्ली से छपी है। अगले दिन राजीव जी ने सचमुच मुझे चाय के साथ चाय महाकाव्य की एक प्रति उपहार स्वरूप दिया।

क़िताब को देखकर, पढ़कर मैं अचंभित हूं। इसके ऊपर हिंदी साहित्य की महान विभूतियों की टिप्पणियां/समीक्षाएं हैं।

‘चाय (महाकाव्य)’ के ‘दो शब्द ‘ लिखते हुए सुमित्रानंदन पंत कहते हैं:

“मैं डॉ सुरेश प्रसाद को बधाई देता हूं कि उन्होंने अपनी ललित भावभीनी भाषा की प्याली में चाय रूपी औषधि भरकर लोगों का उपकार किया। सिंधु मंथन के कारण ही अमृत के बदले चाय की ही प्याली निकली होगी। इस काव्य को पढ़कर मुझे रत्तीभर संदेह नहीं रहा।”

गुज़रे ज़माने के उन महान साहित्यकारों, कवियों, लेखकों की एक फेहरिस्त है जिन्होंने अपने शब्दों से इस पुस्तक को सुशोभित किया है। उनमें महादेवी वर्मा से लेकर हजारी प्रसाद द्विवेदी, वियोगी हरि, हरिवंशराय बच्चन, राजेन्द्र अवस्थी, अशोक चक्रधर, काका हाथरसी, रामदयाल पांडेय… असल में लिस्ट काफी लंबी है।

महादेवी वर्मा लिखती हैं: “डॉ सुरेश प्रसाद ने महाकाव्य के लिए सर्वथा नवीन विषय चुना है। उससे अनेक व्यक्ति चौंकेंगे और अपने चायपाई आनंद भी प्राप्त करेंगे।” वैसे महादेवी जी के उन अनेक व्यक्तियों में मैं भी एक हूं।

रामदयाल पांडेय द्वारा लिखी गई तीन पृष्ठों की इसकी भूमिका का शीर्षक है ‘असाधारण महाकाव्य’।

पांच सौ से भी अधिक पृष्ठों वाली इस पुस्तक की महिमा अपरम्पार है। इसके बारे में और कहूं तो बस कहता ही चला जाऊं…

बहरा गणतंत्र: पाठकों की प्रतिक्रियाएं

नरेश शर्मा

फोटो क्रेडिट: अरुण जी

मेरे मित्र अरुण जी, पूर्व प्राचार्य डीपीएस, जिन्हे मैं काफी पहले से जानता हूं। प्राचार्य और प्रोफेसर तो मेरे अनेकों मित्र हैं, पर अरुण जी थोड़ा हट कर हैं।

उन्होंने एक अंग्रेजी कविता संग्रह, डेफ रिपब्लिक, का हिंदी में अनुवाद किया है। शीर्षक है बहरा गणतंत्र। अमरीकी कवि इल्या कामिंस्की के इस संग्रह में युद्ध की विभीषिका का चित्रण है। इसमें दिल को झकझोरने बाली रोचक कहानी है। डेफ रिपब्लिक के रचयिता यूक्रेनी मूल के हैं।

वर्तमान में यूक्रेन और रूस युद्ध की विभीषिका का अंदाजा इस पुस्तक से लगाया जा सकता है। जिस तरह यूक्रेन में आजकल मिसाइल और बम के हमलों से रिहायशी इलाकों में हजारों निर्दोष लोग, गर्भवती महिलाएं सहित और बच्चे मारे जा रहे हैं, उसी तरह के एक युद्ध का चित्रण इस बहरा गणतंत्र में किया गया है। जिसमें अपने ही देश की सेना थिएटर देख रही पब्लिक पर गोलियां चलाती है और लोगों को भागने को कहती है। इसमें एक बहरे बालक की हत्या हो जाती है। बच्चे का शव सड़क के किनारे पड़ा है।

अल्फोंसो और सौन्या की नई शादी हुई है। अल्फोंसो अपनी पत्नी को बहुत प्यार करता है। उनकी एक नन्ही बच्ची है।पत्नी को गोली लग जाती है। बच्ची अनुष्का वहीं पड़ी है। यह एक हृदयबिदारक दृश्य है।

युद्ध की ऐसी बहुत सारी विभीषिकाओं को इस पुस्तक में चित्रित किया गया है।

पुस्तक खरीदने और पढ़ने योग्य। ———————————–

रीता सिंह

रीता सिंह द्वारा हस्तलिखित

आज बहरा गणतंत्र पढ़ा। यूक्रेनी-अमरीकी कवि इल्या कामिंस्की का कविता संग्रह। पटना के अरुण जी द्वारा हिन्दी में अनुवादित है।

युद्ध त्रासदी झेल रहे देशवासियों की पीड़ा का वर्णन कवि ने कुछ अलग ढंग से किया है। सिपाहियों की बर्बरता का विरोध पूरा प्रदेश मूक बधिर बनकर करता है। एक मूक बधिर बच्चे, पेट्या, की निर्मम हत्या स्थानीय लोगों की आत्मा को झकझोर देती है।

यूं तो (इस) कविता संग्रह में अनेक कविताएं हैं पर मुझे पूर्वाद्ध की कविताएं ज्यादा संवेदनशील लगीं। उत्तरार्द्ध की कविताएं शायद हमारी संस्कृति से थोड़ा हटकर हैं। इसलिए उतनी दिल के करीब नहीं लगीं।

“साहित्य समाज का दर्पण होता है”। पहले कहीं पढ़ा था। कामिंस्की की कविताओं ने इसे प्रमाणित किया (है)।

अरुण जी को कोटिशः धन्यवाद। जिन्होंने इस महाकाव्य का हिंदी रूपांतरण बखूबी किया है। तभी तो हम इससे रूबरू हो पाये।

इस संग्रह का पूरा सार मेरी समझ में ये चार पंक्तियां हैं:
“ऐसा नहीं है कि मेरे कान अब हो गए हैं निर्बल बल्कि हमारा मौन हमें बनाता है और भी प्रबल।”। ———————————-

दीपनारायण प्रसाद

इल्या कामिंस्की द्वारा लिखित कविता जो अंग्रेजी में है उसका हिन्दी अनुवाद कर आपने हम जैसे हिन्दी विद्यालयों में पढ़ें पाठकों के लिए इसे समझना आसान कर दिये। इसके लिए आप का बहुत बहुत आभार।

पूरे विश्व में अनेक कालखंडों में यह देखा गया है कि जब जब सत्ता की कुर्सी पर बैठने वाला शासक तानाशाह हो जाता है, राजा बहरा हो जाता है तब तब जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाया जाता है। जब लोकतंत्र बहरा हो जाता है तब लेखकों पत्रकारों या सत्ता से सवाल करने वालों पर कहर बरसाया जाता है। जैसा कि बहरा गणतंत्र कविता को पढ़ने से ज्ञात होता है। इसके भुक्तभोगी लेखक इल्या भी है।आज बहरा गणतंत्र की आहट अपने देश में भी दिखाई पड़ता है।

कुल मिलाकर एक बार पुनः आप को बहुत बहुत बधाई। आशा है जल्द ही आपका अगला हिन्दी अनुवाद हमें उपलब्ध हो पायेगा।

अर्चना सिंह

फोटो क्रेडिट: विमलेश चाहर

हाल में एक बहुत ही अच्छी पुस्तक “बहरा गणतंत्र” पढ़ने का सौभाग्य मिला। ये यूक्रेनी-अमेरिकी कवि इल्या कमिंस्की के कविता संग्रह “डेफ रिपब्लिक” का हिंदी अनुवाद है।

इस कविता संग्रह का अनुवाद अरुण जी ने इतनी बखूबी किया है कि कविता की मौलिकता खोने का कहीं भी अहसास नही हुआ।


बहरा गणतंत्र की कविताएं तानाशाही शासन के अंतर्गत तड़पते गणतंत्र को दर्शाती हैं। इसे कवि ने नाम दिया है ‘डेफ रिपब्लिक’। हिंदी में ‘बहरा गणतंत्र’।

यह एक गणतंत्र, एक देश की कहानी है। इसके शुरु में पेट्या नामक बालक को जब गोली मार दी जाती है तो उसकी बहन सौन्या के विलाप पर कवि लिखते है:

“उसकी हृदयविदारक चीख से
आसमान में सुराख हो जाता है…
सौन्या के खुले मुख में हम देखते हैं
सम्पूर्ण राष्ट्र की नग्नता…”

कितनी मार्मिक और दिल को झकझोर देने वाली पंक्तियां हैं।

एक अन्य काव्यांश में:

एक बुद्धू लड़का फूसफुसाता है… “बधिरता जिंदाबाद…” और सैनिकों पर थूकता है…

ये शब्द सैनिकों के खिलाफ लोगों का गुस्सा और विरोध की चरम सीमा को दर्शाते हैं।

इस पुस्तक में ऐसी बहुत सारी कविताएं हैं जो दिल को छूती हैं…विवशता का अहसास कराती हैं।

मन को मथने वाले इस कविता संग्रह के लिए कवि को साधुवाद। अरुण जी का अनुवाद भी काबिले तारीफ़ है। उनके अनुवाद ने कविता की आत्मा को जीवित रखा है।

इल्या कमिन्स्की का काव्य-लोक: प्रेमकुमार मणि

लेखक प्रेमकुमार मणि (दाएं) एवं अरुण जी

मेरे नए मित्र अरुण जी (अरुण कमल नहीं) ने इल्या कमिन्स्की और उनकी कविताओं के बारे में जब पहली बार बात की थी, तभी से मैं इस कवि के बारे में उत्सुक था। ‘मगध’ के दूसरे अंक में अरुण जी का इस कवि पर लिखा गया एक लेख और उनकी कुछ कविताओं के अनुवाद प्रकाशित भी किए थे। अभी हाल में यह देख कर अतीव प्रसन्नता हुई कि अरुण जी द्वारा अनूदित इल्या कमिन्स्की के काव्य-संकलन ‘डेफ रिपब्लिक’ का हिंदी-अनुवाद ‘बहरा लोकतंत्र’ शीर्षक से पुस्तक रूप में प्रकाशित हो गया है। तीन रोज पहले जब इस किताब के साथ वह आए तब शाम सुहानी हो गई। चाय पर हमलोग देर तक इस कवि और उसकी दुनिया पर बात करते रहे।

इल्या कमिन्स्की अभी युवा हैं। अप्रैल 1977 के जन्मे। यूक्रेन के ओडेसा शहर में उनका जन्म हुआ, जो तब सोवियत समाजवादी रिपब्लिक का हिस्सा था। यहूदी परिवार में जन्म लेने के कारण उन्हें नस्ली भेदभाव और उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा और अंततः उनके परिवार ने अमेरिका में बसने का निर्णय लिया। फिलहाल कवि न्यू जर्सी में रहता है और पेशे से अध्यापक है।

कामिन्स्की ने बचपन से मुसीबतें झेलीं हैं। पांच साल की उम्र में ही गलसुए (मंफ) की बीमारी हुई और गलत चिकित्सा के कारण सुनने की शक्ति बहुत कमजोर हो गई। नस्ली भेदभाव की परिस्थितियों ने भी उन्हें काफी परेशान किया। उन्होंने किशोर काल में ही सोवियत संघ के पतन और विघटन को देखा, जो एक बड़े वैचारिक मिथ्याचार का भी विघटन था। इन सब स्थितियों के बीच उनके मानस का निर्माण हुआ। शायद यही कारण है कि सत्ता और राजनीति के पाखण्ड को वह तनिक भिन्न नजरिए से देख पाते हैं। किसी रचनाकार के लिए अपने समय के पाखंड को देखना जरूरी होता है। जो रचनाकार इसे जितनी सूक्ष्मता के साथ अभिव्यक्त करता है, वह उसी अनुपात में महत्वपूर्ण होता है।

कामिन्स्की इसी रूप में हमारे समय के महत्वपूर्ण कवि हैं। उनकी एक मुसीबत यह भी है कि उनमें अनेक राष्ट्रीयताएं और जुबानें समाहित या जज्ब हैं। वह यूक्रेनी भी हैं और अमेरिकी भी। थोड़े रूसी भी। वह उस जुबान (अंग्रेजी) में लिखते हैं, जिसे उनके परिवार में कोई भी ठीक से नहीं समझता। पता नहीं यह उनकी पीड़ा है या सुख; लेकिन हकीकत तो है।

कवि के अब तक दो संकलन प्रकाशित हैं। 2004 में पहला संकलन ‘डांसिंग इन ओडेसा’ है, दूसरा 2019 में प्रकाशित ‘डेफ रिपब्लिक’। डेफ रिपब्लिक के प्रकाशन ने उन्हें सुर्ख़ियों में ला दिया। यह ऐसे समय में आया जब दुनिया की राजनीति लगातार अमानवीय और अनुदार हो रही थी। क्या पश्चिम, क्या पूरब, हर तरफ सत्ता अधिक हिंसक और क्रूर होती दिख रही थी। दुनिया भर के सामाजिक दार्शनिकों ने इक्कीसवीं सदी में जिस लोकतान्त्रिक-उत्सव की परिकल्पना की थी, वे झूठे हो रहे थे। पीढ़ियों से अर्जित तमाम दार्शनिक और नैतिक फलसफे उत्तरसत्य के जबड़े के भीतर आ गए थे। लोकतंत्र चालबाजियों का खेल बनता जा रहा था। सत्ता अमानवीय, हिंसक, क्रूर और आक्रामक हो गई थी। ऐसे में कोई कवि यदि इन सबकी खबर नहीं लेता है तब वह कवि नहीं, मुर्दा शब्दों का व्यापारी है। इल्या इसी रूप में कवि हैं कि उन्होंने युग-सत्य का अनुभव किया है और उसे जुबान दी है; और शायद इसीलिए बीबीसी ने उन्हें दुनिया के उन बारह कलाकारों की सूची में रखा है जिन्होंने इस दुनिया में सार्थक बदलाव लाने की कोशिश की है।

‘बहरा गणतंत्र’ की कविताएं अलग-अलग भी अर्थवान हैं, लेकिन अपनी सम्पूर्णता में एक गीतिनाट्य की रचना करती हैं, जो है तो काव्य-रूप, किन्तु अपनी भयावहता से हमें स्तब्ध करती है। दो परिवर्तों में संयोजित इस काव्य-श्रृंखला की महाकाव्यता इस रूप में है कि यह एक मुकम्मल आख्यान भी रचती है, जिसका पहला हिस्सा यदि भयावह है तो दूसरे हिस्से में उम्मीद की किरणें भी हैं।

एक काल्पनिक लोक वैसेन्का है। युद्ध की विभीषिका से उत्पीड़ित स्थितियां। लोग कठपुतलियों के नाच देखने में निमग्न हैं कि एक फौजी जीप आती है और उससे एक अफसर उतर कर लोगों से कहता है कि सब यहाँ से भागो। अजीब-सी प्रतिक्रिया होती है। दर्शकों की भीड़ में एक बालक पेट्या भी है,जो बधिर है। वह अफसर को देख कर हँसता है और अपनी घृणा या प्रतिकार उस पर थूक कर करता है। पेट्या को गोली मार दी जाती है। बधिर बालक पहला शहीद होता है अपने प्रतिकार में। उसकी बहन सौन्या उसके माथे को चूमती है।

“हम चौदह लोग देखते हैं
सौन्या उस के ललाट को चूमती है
उसकी ह्रदय विदारक चीख से
आसमान में सुराख हो जाता है,
पार्क के बेंच, बरामदे की बत्तियां हिलने लगती हैं।
सौन्या के खुले मुंह में हम देखते है
पूरे देश की नग्नता।”

लेकिन यह शहादत जनता को एक सीख भी दे जाती है। जन प्रतिरोध एक शक्ल में सामने आता है। अगली सुबह जब लोग जगते हैं तब उन्होंने फौजियों को सुनने से इंकार कर दिया है। जनता ने अपने को सामूहिक तौर पर बधिर घोषित कर दिया है। ‘हम बहरे हैं’ के पोस्टर हर जगह चिपका दिए गए हैं। बहरापन छुआछूत की बीमारी बन जाती है- यह है जन प्रतिरोध का नया तरीका। गिरफ्तारियां होने लगती हैं, जुल्म ढाए जाते हैं, लेकिन हम आपको नहीं सुनते का आंदोलन चलता रहता है। इसी बीच प्रेम भी होता है, विवाह भी, कोई स्त्री गर्भ भी धारण करती है और फिर उसके नवजात शिशु को सैनिक अपनी गिरफ्त में ले लेते हैं । जुल्म के नए-नए रूप उभर रहे हैं। और तब आता है दूसरा परिवर्त। मौमा गेल्या का थियेटर प्रतिरोध का एक ढांचा गढ़ता है। कठपुतलियों का डांस कराने वाला यह थियेटर ग्रुप सैनिकों को एक-एक कर आकर्षित करता है और फिर कठपुतलियों को नाचने वाले डोर से गला घोंट कर मार देता है। थियेटर की ये स्त्रियां ऐसी भूमिका निभाती हैं। हमारे देश भारत में स्वतंत्रता संग्राम में तवायफ़ों ने कुछ जगहों पर ऐसी भूमिका निभाई थी।

सब मिला कर इल्या कमिन्स्की का यह संकलन दुनिया का एक परिदृश्य हमारे सामने लाता है। कवि ने अनुभव किया है कि लोकतंत्र और हिंसा साथ-साथ नहीं चल सकते। भारत में आज़ादी की लड़ाई के दौरान गांधी ने ऐसा ही अनुभव किया था। इसलिए उन्होंने एक अहिंसक संघर्ष की रूपरेखा बनाई थी। फ़ौज-फाटे का लोकतंत्र वास्तविक लोकतंत्र हो ही नहीं सकता। क्योंकि फौजी ताकत की पहली पहचान यही होती है कि वह हमेशा निर्बलों पर आक्रामक होती है। अपने से मजबूत के बरक्श वह या तो आत्मसमर्पण करती है या रक्षात्मक स्थिति में आ जाती है।

इल्या जिस काव्य-लोक को सृजित करते हैं, वह भयावह अवश्य है लेकिन एक उम्मीद भी जगाती है कि जन प्रतिरोध किसी न किसी रूप में होगा।

मेरे मित्र अरुण जी ने हिंदी-भाषियों के बीच इल्या कमिन्स्की को पूरी किताब के साथ प्रस्तुत किया है, इसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। हमारे देश का लोकतंत्र भी हिंसा के मुहाने पर खड़ा है। सत्ता अपनी पूरी नग्नता और क्रूरता के साथ हाजिर है, तो प्रतिपक्ष अपनी पूरी मूर्खता के साथ। 1970 दशक के बिहार आंदोलन के दौरान कवि नागार्जुन ने एक रूपक सृजित किया था –

“इधर दुधारू गाय अड़ी थी
उधर सरकसी बक्कर था।”

कुछ वैसा ही परिदृश्य आज भारत में है। राजनीतिक चेतना शून्य है। कोई धर्म-मजहब के त्रिशूल-फरसे के साथ खड़ा है, तो कोई जाति के कटार-चाक़ू के साथ। लेकिन हमारे देश का कोई कवि इल्या की तरह का काव्य-प्रतिरोध क्यों नहीं गढ़ रहा? इस पर हमें सोचना होगा। फिलहाल हम इल्या के इस काव्य -लोक से कुछ सीख तो ले ही सकते हैं। हाँ, काव्य को महज विनोद मानने वाली जमात निराश हो सकती है।
———————
बहरा गणतंत्र: इल्या कमिन्स्की (English)
अनुवाद: अरुणजी (हिन्दी)
प्रकाशन: पुस्तकनामा (www.pustaknaama.com)

रेणु की कितने चौराहे: एक समीक्षा

फोटो क्रेडिट: अरुण जी

फणीश्वर नाथ रेणु की कितने चौराहे एक प्रेरणादाई उपन्यास है। एक बालक के बड़े होने की कहानी, जिसमें परिवार, समाज और देश बराबर के भागीदार हैं। इस उपन्यास के लिए रेणु ने हमारे देश के एक महत्वपूर्ण काल खंड को चुना है। 1930-1942 का समय जब अंग्रेजों के खिलाफ आज़ादी की लड़ाई में महात्मा गांधी की भूमिका काफी अहम हो गई थी।

मनमोहन एक किसान का होनहार लड़का है जो गांव के स्कूल से अररिया शहर पढ़ने जाता है। एक अबोध बालक के लिए नया स्कूल, नये लोग और नयी संस्कृति से तालमेल बिठाने में शुरुआत में कुछ दिक्कत होती है। पर जल्द ही वह अपनी सूझबूझ और प्रतिभा के बल पर शिक्षकों एवं दोस्तों के बीच अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो जाता है। पढ़ाई में वह हमेशा अव्वल स्थान पाता है। पर उसकी पढ़ाई केवल किताबों तक ही सीमित नहीं है। वह उन सारी गतिविधियों में सक्रिय होने लगता है जो उस वक्त समाज और देश को बेहतर बनाने की दिशा में चल रहे थे। चाहे वो जरूरतमंदों की मदद हो, भूकम्प पीड़ितों की सेवा या अंग्रेजी हुक़ूमत का विरोध। इन सबकी प्रेरणा के श्रोत हैं महात्मा गांधी। हालांकि वे उपन्यास में बस एक बार ही प्रकट हुए हैं। एक बहुत छोटे अन्तराल के लिए।

मनमोहन जो गांव में मुनि जी और और शहर में मोना के नाम से जाना जाता है, इस उपन्यास का मुख्य पात्र है। पर उसके अलावा उपन्यास के और भी कई पात्र हैं जिनकी भूमिकाएं महत्वपूर्ण है। जैसे प्रियोदा, काका, बाबू जी, शरबतिया, नीलू इत्यादि।

भारत की आज़ादी की पृष्ठभूमि में लिखे गए इस उपन्यास में एक आदर्श समाज के निर्माण का सपना है। और उस सपने को साकार करने की चाहत। रेणु उस वक्त यह भलीभांति जानते थे कि हमारा समाज जाति, धर्म, और आर्थिक विषमताओं जैसे मुद्दों से जूझ रहा है। उन्हें यह भी मालूम था सामाजिक समरसता को बरकरार रखते हुए अंग्रजों के खिलाफ लड़ना कितना कठिन है। उपन्यास के उत्तरार्ध में हिन्दू मुसलमान के बीच हुए दंगों और उनमें हफ़ीज साहब और सूर्यनारायण के बलिदान का वर्णन हमें 1940 के आसपास के दंगों की याद दिलाता है। इसी अध्याय में गणेश शंकर विद्यार्थी का भी जिक्र है, जो 1931 में कानपुर के दंगों की बलि चढ़ गए थे। समाज के इन अंतर्विरोधों से रेणु पूर्णतया अवगत थे। तभी उन्हें गांधी के विचार उपयुक्त लगते थे।

रेणु ने इस उपन्यास में बच्चों की शिक्षा का एक नमूना भी प्रस्तुत किया है जिसमें उन्होंने किताबों के अलावा समाज, देश और संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों को शामिल करने पर बल दिया है। उपन्यास में हम देखते हैं कि कैसे मुख्य पात्र मनमोहन विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक क्रियाकलापों में नियमित रूप से भाग लेता है और कैसे उसके विचार परिपक्व हो रहे हैं।

उपन्यास का शीर्षक, कितने चौराहे, अपने आप में काफ़ी महत्वपूर्ण है। मुख्य पात्र मनमोहन के जीवन में कई चौराहे आए और प्रायः उसने अपने लिए सही मार्ग ही चुना। चाहे वह पढ़ाई का हो या सच्चाई का, प्रेम का हो या सेवा का। रेणु ने इस उपन्यास में हमें एक कसौटी भी दी है। उनकी दृष्टि में समाज में प्रेम, भाईचारा के बिना हमारे विकास की यात्रा अधूरी है।

रेणु की इस कृति के बारे में और भी बहुत कुछ लिखने की इच्छा हो रही है। जैसे कि उनकी भाषा, उनके प्रयोग, ध्वनियों या संगीत के प्रति उनकी सजगता के बारे में। पर मुझे मालूम है कि रेणु साहित्य पर पहले से ही बहुत कुछ मौजूद है। केवल एक और बात। मेरे हिसाब से उपन्यास का अंत थोड़ा और बेहतर हो सकता था।

रेणु साहित्य मेरे विश लिस्ट में वैसे भी सबसे ऊपर रहा है पर भाई शाहनवाज़ को विशेष धन्यवाद जिन्होंने मेरी इस इच्छा को पूरा करने में मेरी मदद की।